आदित्यपुर/ Parmeshwar Gorai नगर निगम द्वारा प्रभात पार्क क्षेत्र के आसपास स्थित फुटपाथ और अस्थायी दुकानदारों को सोमवार को मुनादी के माध्यम से दुकानें खाली करने का आदेश दिया गया. इस कार्रवाई के विरोध में पूर्व पार्षद रंजन सिंह के नेतृत्व में दुकानदारों का एक प्रतिनिधिमंडल नगर निगम पहुंचा और उन्होंने उपायुक्त सह नगर आयुक्त के नाम उपनगर आयुक्त पारुल सिंह को ज्ञापन सौंपा.

दुकानदारों का कहना है कि वे वर्षों से इस क्षेत्र में छोटे स्तर पर दुकानें और ठेले लगाकर अपनी आजीविका चला रहे हैं. निगम की इस अचानक कार्रवाई से सैकड़ों परिवारों की रोज़ी- रोटी पर संकट मंडरा गया है. दुकानदारों के अनुसार प्रभात पार्क के आसपास करीब आधा दर्जन अस्पताल जिसमें मेडिटरीना, सिद्धेश, मगध सम्राट, मेडिनोवा, न्यू लाइफ और संजीवनी शामिल हैं संचालित हो रहे हैं. इन अस्पतालों में दूरदराज इलाकों से मरीज और उनके परिजन आते हैं, जिन्हें ये दुकानदार सस्ते दामों पर नाश्ता और भोजन उपलब्ध कराते हैं.
इसके अलावा आसपास के कई किरायेदार विद्यार्थी और नौकरीपेशा लोग भी नियमित रूप से इन्हीं दुकानों से भोजन करते हैं. व्यापारियों ने बताया कि उन्हें नगर निगम द्वारा फुटपाथ दुकानदार का लाइसेंस जारी किया गया है और वे नियमित रूप से कचरा उठाने का शुल्क भी निगम को जमा करते हैं. कई दुकानदारों ने बैंक से लोन लेकर अपना व्यापार खड़ा किया है, लेकिन अचानक से नोटिस मिलने से वे आर्थिक संकट में पड़ गए हैं.
दुकानदारों ने आरोप लगाया कि “विक्कटा टेंट हाउस” नामक व्यक्ति ने उनसे दुकान बसाने के एवज में ₹7–8 हजार रुपये की मांग की है. उनका कहना है कि यह कोई भ्रष्टाचार या साजिश का हिस्सा हो सकता है पहले दुकानों को हटाया जा रहा है और फिर पैसों की मांग कर पुनः बसाने की योजना बनाई जा रही है.
स्थानीय दुकानदारों ने नगर निगम प्रशासन से अपील की है कि जब तक वैकल्पिक स्थान या दुकान आवंटन की व्यवस्था नहीं हो जाती, तब तक विस्थापन की कार्रवाई पर रोक लगाई जाए. उन्होंने यह भी कहा कि नगर निगम के कई वार्डों में आवास बोर्ड द्वारा दुकानों का आवंटन किया गया है, परंतु वार्ड संख्या 17 में अब तक ऐसी कोई व्यवस्था नहीं की गई है.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
