आदित्यपुर/ Parmeshwar Gorai नगर निगम के वार्ड नंबर 20 के स्थानीय निवासियों ने गुरुवार को भाजपा नेता रमेश हासदा और विशु महतो के नेतृत्व में नगर निगम कार्यालय पहुंचकर निगम अधिकारियों को एक ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन में निवासियों ने आदित्यपुर नगर निगम द्वारा उनकी जमीन पर वेंडिंग ज़ोन/मार्केट निर्माण के लिए टेंडर जारी किए जाने पर कड़ा विरोध जताया है.

निवासियों का कहना है कि जिस भूमि पर वेंडिंग ज़ोन बनाने की प्रक्रिया शुरू की गई है, उस पर वे और उनके पूर्वज सन् 1957 से रह रहे हैं. स्थानीय महिला ने बताया कि उनके परिवार द्वारा इस जमीन पर वर्षों से कृषि कार्य और चुना भट्टा संचालित किया जाता रहा है, जो आज भी चालू है. उन्होंने भावुक होते हुए बताया कि इसी भूमि विवाद के कारण उनके पति की हत्या भी हो चुकी है.
निवासियों ने कहा कि बिहार राज्य के समय तत्कालीन उपायुक्त सजल चक्रवर्ती ने इस भूमि के बंदोबस्ती (पट्टा) का आश्वासन दिया था, लेकिन उस समय की परिस्थितियों के कारण वह प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी.
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि बी.पी.एल. केस नं. 36/78-79 (राज्य बनाम देवीलाल लोहार) में खाता संख्या 48, प्लॉट संख्या 1424 के अंतर्गत 0.01/2 डी. भूमि पर मुकदमा चला था. उस समय के अंचल अधिकारी कांगलु उरांव ने अपने पत्रों (संख्या 1090 दिनांक 30.08.78, संख्या 295 दिनांक 02.03.79 एवं संख्या 357 दिनांक 10.03.79) में स्पष्ट लिखा था कि लोहरा बंधु छोटे-छोटे झोपड़े बनाकर रह रहे थे, वे भूमिहीन कृषक मजदूर हैं और इनका बंदोबस्ती किया जाना उचित है. इस बात का समर्थन तत्कालीन अपर उपायुक्त सिंहभूम के पत्रांक 1744 में भी मिलता है.
निवासियों ने निगम अधिकारियों से आग्रह किया है कि वेंडिंग ज़ोन निर्माण प्रक्रिया पर तुरंत रोक लगाई जाए और भूमि का नियमितीकरण (बंदोबस्ती) किया जाए, ताकि वहां रहने वाले परिवारों को विस्थापन का सामना न करना पड़े. निगम अधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि उनकी मांगों को “उच्च स्तर तक पहुंचाने की कोशिश” की जाएगी.
इस मौके पर शिवनाथ लोहरा, लूलू लोहरा विक्की लोहरा, हृदय लोहरा विश्वनाथ लोहरा, गुरुवारी देवी, विष्णु लोहरा, निर्मला देवी, सुबोध लोहरा, मिठु लोहरा, बुतरू लोहरा, कालीचरण लोहरा सहित अन्य बस्तीवासी मौजूद थे.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
