आदित्यपुर/ Parmeshwar Gorai नगर निगम वार्ड 17 की पूर्व पार्षद नीतू शर्मा ने शनिवार को आदित्यपुर स्थित अपने आवासीय कार्यालय में सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित लोगों के लिए एक विशेष सेवा शिविर का आयोजन किया. इस शिविर का उद्देश्य आम नागरिकों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर से राहत दिलाना और योजनाओं का लाभ आसान तरीके से उपलब्ध कराना रहा.

शिविर में एसआईआर से जुड़ी समस्याओं, आयुष्मान भारत योजना, वृद्धावस्था व अन्य पेंशन योजनाओं, राशन कार्ड सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं के लिए आवेदन प्राप्त किए गए. इस दौरान लोगों ने अपनी समस्याएं खुलकर रखीं और आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन जमा किया.
शिविर में प्रज्ञा केंद्र से योगेश मुद्रा, बीएलओ सेनुका गोप और बसंती गोप, आशा स्वास्थ्य केंद्र से शशिकांत शर्मा सहित प्रज्ञा केंद्र के ऑपरेटर उपस्थित रहे. सभी ने समन्वय के साथ लोगों के आवेदन भरवाने और प्रक्रिया समझाने में सहयोग किया.
पूर्व पार्षद नीतू शर्मा ने बताया कि कई लाभुक सरकारी कार्यालयों के लगातार चक्कर लगाकर थक जाते हैं, फिर भी उनका काम नहीं हो पाता. इसी परेशानी को देखते हुए शिविर का आयोजन किया गया, ताकि लोगों के आवेदन एक ही स्थान पर लेकर उन्हें संबंधित विभागों में जमा कराया जा सके.
उन्होंने बताया कि शिविर के दौरान अलग- अलग योजनाओं के करीब एक सौ आवेदन प्राप्त हुए हैं. सभी आवेदनों को नियमानुसार तैयार कर संबंधित विभागों में जमा करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के शिविर आम जनता के लिए बड़ी राहत साबित होते हैं और जरूरतमंदों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.

