आदित्यपुर/ Aman Kumar नगर निगम अंतर्गत वार्ड संख्या 23 में पार्षद पद का चुनाव रोचक मोड़ पर पहुंचता नजर आ रहा है. गुरुवार को प्रत्याशी प्रवीण कुमार सिंह के चुनावी कार्यालय का उद्घाटन किया गया, जिसमें वार्ड की सैकड़ों महिला, पुरुष और युवा मतदाता शामिल हुए. उपस्थित लोगों ने एक स्वर में उन्हें विजयी बनाने का संकल्प लिया.

प्रवीण कुमार सिंह ने वार्ड की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि नगर निगम कार्यालय इसी वार्ड में स्थित होने के बावजूद क्षेत्र मूलभूत समस्याओं से जूझ रहा है. जलजमाव, कचरा और अव्यवस्था के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है. उन्होंने कहा कि पूर्व जनप्रतिनिधियों द्वारा ठोस पहल नहीं किए जाने से समस्याओं का अंबार लग गया है. चुनाव जीतने के बाद प्राथमिकता के आधार पर सभी समस्याओं के समाधान का भरोसा दिया.

इस अवसर पर उन्होंने अपना संकल्प पत्र भी जारी किया. संकल्प पत्र में नगर निगम के सामने स्थित कचरा डंपिंग यार्ड को अन्यत्र शिफ्ट कराने, कल्पनापुरी, अशोक विहार, शर्मा बस्ती, जी.आर. कॉलोनी और श्रीनाथ विलेज में शुद्ध पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित कराने तथा जलजमाव की समस्या दूर करने के लिए नालियों और नालों का निर्माण कराने का वादा किया गया है.
इसके अलावा वार्ड में सीसीटीवी कैमरे लगाने, पारदर्शी और जवाबदेह व्यवस्था लागू करने, बच्चों और बुजुर्गों के लिए सुरक्षित पार्क बनाने, विभिन्न बस्तियों में पेवर ब्लॉक सड़क निर्माण कराने, 24×7 जनता की सेवा में उपलब्ध रहने और एक बेहतर स्वास्थ्य केंद्र स्थापित कराने की बात कही गई है. साथ ही औद्योगिक प्रदूषण से मुक्ति और वार्ड के समग्र विकास के लिए प्रबुद्ध एवं अनुभवी लोगों की टीम गठन का भी संकल्प लिया गया है.
प्रवीण कुमार सिंह ने कहा कि उनका लक्ष्य स्वच्छ, सुरक्षित और विकसित वार्ड का निर्माण करना है. उन्होंने वार्डवासियों से समर्थन की अपील करते हुए अपनी जीत जनता पर छोड़ दी.

