सरायकेला: आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 23 स्थित कल्पनापुरी निवासी और लंबे समय से समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय रंजीत सांडिल ने भी निकाय चुनाव में अपनी किस्मत आजमाने का निर्णय लिया है. गुरुवार से शुरू हुए निकाय चुनाव के नामांकन प्रपत्रों की बिक्री के पहले दिन ही उन्होंने वार्ड पार्षद पद के लिए नामांकन पत्र खरीदकर अपनी दावेदारी पेश कर दी.

नामांकन पत्र खरीदने के बाद रंजीत सांडिल ने कहा कि अब समय आ गया है कि संवैधानिक पद का चुनाव लड़कर क्षेत्र की जनता की सेवा की जाए. उन्होंने बताया कि वे लंबे समय से वार्ड के लोगों के बीच रहकर सामाजिक कार्य करते रहे हैं और इस बार जनता ने उन्हें प्रतिनिधित्व करने का निर्देश दिया है.
उन्होंने दावा किया कि वार्ड 23 की जनता का उन्हें व्यापक समर्थन मिल रहा है. उनका कहना है कि पिछले 15 वर्षों में वार्ड अपेक्षित विकास से वंचित रहा है और पूर्व के जनप्रतिनिधि जनता की उम्मीदों पर खरा नहीं उतर सके. ऐसे में इस बार जनता बदलाव चाहती है और उन्हें मौका देने का भरोसा जता रही है.
रंजीत सांडिल ने कहा कि यदि उन्हें वार्ड पार्षद चुना जाता है तो वे क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विकास, साफ- सफाई, सड़क, नाली और नागरिक समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देंगे.

