सरायकेला: झारखंड शहरी निकाय चुनाव 2026 के लिए गुरुवार से नामांकन प्रपत्रों की बिक्री शुरू होते ही संभावित प्रत्याशी खुलकर सामने आने लगे हैं. आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 29 से पार्षद पद के लिए दिवंगत पार्षद एवं भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व अध्यक्ष राजमणि देवी की पुत्रवधु अर्चना सिंह ने गुरुवार को नामांकन पत्र खरीदकर अपनी दावेदारी पेश की. इस दौरान उनके पति मनमोहन सिंह भी साथ मौजूद रहे.

नामांकन पत्र खरीदने के बाद अर्चना सिंह ने कहा कि वे अपनी दिवंगत सास के अधूरे सपनों को पूरा करने के उद्देश्य से चुनावी मैदान में उतरी हैं. उन्होंने बताया कि उनकी सास राजमणि देवी तीन बार वार्ड पार्षद निर्वाचित हुई थीं और क्षेत्र की जनता ने उन्हें रिकॉर्ड मतों से विजयी बनाया था. पार्षद पद पर रहते हुए ही उनका निधन हो गया था.
अर्चना सिंह ने कहा कि दिवंगत राजमणि देवी ने अपने कार्यकाल में कई विकास योजनाओं को धरातल पर उतारा और वार्ड में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया. उन्होंने कहा कि यदि जनता का आशीर्वाद मिला तो वे अपनी सास की विरासत को आगे बढ़ाते हुए वार्ड के समग्र विकास के लिए कार्य करेंगी.

