आदित्यपुर/ Parmeshwar Gorai नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 32 के लिए छठव्रतियों को बड़ी सौगात मिली है. नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष एवं सामाजिक कार्यकर्ता पुरेंद्र नारायण सिंह के प्रयास से वार्ड 32 में कृत्रिम छठ घाट निर्माण कार्य को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है.

नगर विकास विभाग द्वारा इस योजना को मंजूरी दी गई है. छठ घाट निर्माण कार्य पर कुल 24 लाख 8 हजार 465 रुपये की लागत आएगी. योजना का टेंडर जारी कर दिया गया है और संबंधित एजेंसी को चार महीने के भीतर निर्माण कार्य पूर्ण करने का समय दिया गया है. यह छठ घाट निर्माण कार्य क्षेत्र के छठव्रतियों, बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों के लिए विशेष रूप से लाभकारी साबित होगा. अब लोगों को छठ पूजा के लिए दूरस्थ घाटों या अस्थायी व्यवस्था पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा.
उल्लेखनीय है कि इसी वर्ष 31 जुलाई को पुरेंद्र नारायण सिंह ने आदित्यपुर नगर निगम के प्रशासक रवि प्रकाश से मुलाकात कर नगर निगम अंतर्गत सभी 35 वार्डों में मॉडर्न और स्थायी छठ घाट निर्माण की मांग की थी. उन्होंने नगर निगम क्षेत्र की बढ़ती आबादी और छठ पर्व के दौरान घाटों पर उमड़ने वाली भीड़ की समस्या को प्रशासक के समक्ष रखा था.
पुरेंद्र नारायण सिंह ने कहा था कि कई वार्डों में जल स्रोत के अभाव और दूरी के कारण लोग अस्थायी गड्ढा बनाकर छठ पूजा करने को मजबूर हैं, जिससे सुरक्षा, स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधा प्रभावित होती है. इसी समस्या के समाधान के लिए सभी वार्डों में आधुनिक छठ घाट निर्माण आवश्यक है.
वार्ड 32 में छठ घाट निर्माण को मिली स्वीकृति को नगर निगम क्षेत्र में स्थायी छठ घाट निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण शुरुआत माना जा रहा है. इस उपलब्धि से क्षेत्र की जनता में खुशी का माहौल है और लोग इसे पुरेंद्र नारायण सिंह के जनहित में किए गए प्रयासों का सकारात्मक परिणाम बता रहे हैं.
स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई है कि आने वाले समय में नगर निगम के अन्य वार्डों में भी इसी तरह स्थायी और आधुनिक छठ घाटों का निर्माण कराया जाएगा, जिससे छठ पर्व को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धापूर्वक मनाया जा सके.

