आदित्यपुर: नगर निगम चुनाव को लेकर वार्ड संख्या 17 से निवर्तमान पार्षद नीतू शर्मा ने नामांकन प्रपत्र खरीदकर एक बार फिर चुनावी मैदान में उतरने का संकेत दे दिया है. संभावना है कि वह सोमवार को अपना नामांकन दाखिल कर सकती हैं.

नामांकन प्रपत्र खरीदने के बाद नीतू शर्मा ने कहा कि वह पिछले 15 वर्षों से बिना रुके और बिना थके जनता की सेवा कर रही हैं. पिछले कार्यकाल में जनता के सहयोग से संवैधानिक रूप से पार्षद चुनी गईं और अपनी क्षमता के अनुसार क्षेत्र के विकास के लिए लगातार कार्य किया. उन्होंने कहा कि एक बार फिर जनता का आदेश मिला है, इसलिए उन्होंने नामांकन प्रपत्र खरीदा है.
उन्होंने कहा कि जनता ही उनकी पूंजी और ताकत है. किए गए कार्यों के आधार पर नहीं, बल्कि बचे हुए विकास कार्यों को पूरा करने के संकल्प के साथ वह पुनः जनता के बीच जा रही हैं. यदि जनता का आशीर्वाद मिला तो वार्ड के सभी लंबित कार्यों को धरातल पर उतारा जाएगा.
नीतू शर्मा ने स्पष्ट कहा कि उनका मुकाबला किसी व्यक्ति से नहीं है, बल्कि यह चुनाव वार्ड की जनता लड़ेगी. गौरतलब है कि आदित्यपुर नगर निगम का वार्ड 17 सबसे बड़ा और सर्वाधिक जनसंख्या वाला वार्ड माना जाता है, जहां लगभग 6000 मतदाता हैं. बतौर पार्षद नीतू शर्मा ने कई विकास कार्य कराए हैं. साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम से प्रेरित होकर अपने संपूर्ण शरीर को मेडिकल छात्रों के अध्ययन हेतु दान करने की घोषणा की थी, जिसे एक ऐतिहासिक और साहसिक निर्णय माना गया.
नीतू शर्मा का कहना है कि उनके लिए कोई दल या धर्म मायने नहीं रखता, बल्कि समाज सेवा और मानव सेवा ही उनका सबसे बड़ा धर्म है. वह विभिन्न सामाजिक संस्थाओं से भी जुड़ी रही हैं और क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाती रही हैं.

