आदित्यपुर: नगर निगम की लीला अपरंपार है. जनप्रतिनिध विहीन होने के बाद यहां के अधिकारी बेलगाम हो चुके हैं. इसकी एक बानगी वार्ड एक में देखी जा रही है. जहां

हथियाडीह मुख्यमार्ग से बड़ौदा आश्रम तक की जर्जर सड़क का निर्माण कार्य सात साल बाद भी शुरू नहीं हो सका है. इसको लेकर ग्रामीणों में रोष नजर आने लगा है.
लोगों ने बताया कि सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास 7 साल पहले किया गया था. इससे गुस्साए देवगांव व बोनडीह के लोगों ने इसकी शिकायत कांग्रेस नेता देवांग चंद्र मुखी से की है. देवांग चंद्र मुखी ने इसे गंभीरता से लेते हुए इसकी शिकायत मुख्यमंत्री व उपायुक्त से की है. उन्होंने बताया कि करीब दो करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली उक्त सड़क का शिलान्यास 15 जून 2018 को तत्कालीन सांसद लक्ष्मण गिलुवा, मेयर विनोद श्रीवास्तव, उप मेयर अमित सिंह व पार्षद गीता देवी ने संयुक्त रूप से किया था. विभागीय लापरवाही के कारण शिलान्यास के सात वर्ष बीतने के बाद भी सड़क का निर्माण कार्य पूरा नहीं होने से लोगों में आक्रोश व्याप्त है. उन्होंने कहा कि करीब पांच वर्ष पूर्व निगम ने गांव में पीसीसी सड़क बनवाना शुरू किया लेकिन उसे भी अभी तक पूरा नहीं किया गया है.

