आदित्यपुर: आदित्यपुर नगर निगम के वार्ड संख्या एक से पार्षद पद के प्रत्याशी आनंदपुर निवासी बनमाली दास के घर पर विपक्षी प्रत्याशी के समर्थकों द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया है. घटना के दौरान मारपीट और तोड़फोड़ की गई. पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है.

मिली जानकारी के अनुसार, करीब 20-25 की संख्या में पहुंचे हमलावरों ने बनमाली दास, उनके प्रस्तावक गुरूपद दास और प्रस्तावक के पुत्र के साथ मारपीट की. इस दौरान तीनों को चोटें आई हैं. आरोप है कि हमलावरों ने घर में घुसकर सामानों में तोड़फोड़ भी की.
पीड़ित बनमाली दास ने बताया कि चुनाव संपन्न होने के बाद वे अपने आनंदपुर स्थित आवास पर समर्थकों के साथ चुनाव परिणाम को लेकर आकलन कर रहे थे. इसी दौरान सुमित दास, सुजित दास, सचिन महतो, संदीप महतो, राजीव महतो, अनूप महतो, कपूर महतो, आकाश महतो, जगबंधु महतो, रवि महतो, जगरू दास, सहदेव दास समेत अन्य लोग हथियार के साथ उनके घर पहुंचे और अचानक हमला कर दिया.
उन्होंने बताया कि किसी तरह जान बचाकर वे घर के अंदर घुस गए और आसपास के ग्रामीणों व पुलिस को सूचना दी. ग्रामीणों के पहुंचते ही सभी हमलावर मौके से फरार हो गए.
घटना के बाद देर रात बनमाली दास ने आदि त्यपुर थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. उनका आरोप है कि विरोधी प्रत्याशी को हार का आभास होने पर यह हमला करवाया गया. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.

