आदित्यपुर: आजाद मैदान में सम्राट स्पोर्टिंग क्लब की ओर से आयोजित दो दिवसीय स्व. बबलू मेलगांडी ट्रॉफी फुटबॉल टूर्नामेंट का समापन रविवार शाम को हुआ. इस टूर्नामेंट में कुल 32 टीमों ने हिस्सा लेकर अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया. फाइनल मुकाबले में एसपी ब्रदर्स और वाईबीसी बंतानगर की टीमें आमने- सामने रहीं.

निर्धारित समय तक मुकाबला बराबरी पर रहने के बाद पेनल्टी शूटआउट भी टाई रहा. इसके बाद निर्णय के लिए कराए गए रोमांचक टॉस में एसपी ब्रदर्स की टीम ने जीत दर्ज कर खिताब पर कब्जा जमाया.
फाइनल मैच में मुख्य अतिथि के रूप में आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह शामिल हुए. मैच से पहले उन्होंने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया. खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि फुटबॉल टीम भावना, अनुशासन और एकजुटता का प्रतीक है.
उन्होंने कहा कि जैसे मैदान में सभी खिलाड़ी मिलकर बाधाओं को पार करते हैं, उसी प्रकार सामाजिक जीवन में भी लक्ष्य हासिल करने के लिए एकजुट रहना जरूरी है. उन्होंने यह भी कहा कि जीत और हार से ज्यादा महत्वपूर्ण सीख और अनुभव होता है. पुरेंद्र नारायण सिंह ने कहा कि आजाद मैदान को बचाए रखने में आजाद स्पोर्टिंग क्लब की महत्वपूर्ण भूमिका रही है. उन्होंने आश्वासन दिया कि इस मैदान को एक स्टेडियम के रूप में विकसित करने के लिए सरकार स्तर तक प्रस्ताव पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा. इससे स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर प्राप्त होगा.
पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि पुरेंद्र नारायण सिंह के साथ आरआईटी थाना प्रभारी संजीव कुमार सिंह, खिरोद सरदार, अधिवक्ता संजय कुमार, सम्राट स्पोर्टिंग क्लब के अध्यक्ष कुशनू मेलगांडी, उपाध्यक्ष राजू बानरा, रामसिंह मुंडरी, सनातन सोय, राजेश सुंडी, अमर मेलगांडी, राजा तियू, संरक्षक नायकी हेंब्रम और सलाहकार रवि रंजन सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे. टूर्नामेंट में उद्घोषक की भूमिका महादेव महतो ने निभाई. कार्यक्रम के सफल आयोजन में क्लब के सदस्यों और खेल प्रेमियों का विशेष योगदान रहा.

