आदित्यपुर: सरायकेला- खरसावां जिले के आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में चुनाव प्रचार अपने अंतिम दौर में पहुंच चुका है. वार्ड 34 में इस बार मुकाबला काफी दिलचस्प हो गया है. प्रत्याशी ज्योति कुमारी अपने समर्थकों के साथ वार्ड में डोर-टू-डोर संपर्क कर मतदाताओं से समर्थन मांग रही हैं. उन्हें कई जगहों पर सकारात्मक प्रतिक्रिया भी मिल रही है.

इस वार्ड में कुल तीन महिला प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं. पूर्व पार्षद रीता देवी लगातार दो टर्म से अपने परिवार का दबदबा बनाए हुए हैं. उनसे पहले उनके पति मनोज कुमार राय पार्षद रह चुके हैं. पिछली बार सीट ओबीसी महिला के लिए आरक्षित होने पर रीता देवी ने चुनाव जीता था. हालांकि इस बार उनके सामने एंटी इनकंबेंसी की चुनौती बताई जा रही है.
रिंकी देवी और ज्योति कुमारी पहली बार चुनाव लड़ रही हैं. रिंकी देवी रीता देवी के पारंपरिक वोट बैंक में सेंध लगाने की कोशिश कर रही हैं, जिससे पिछड़ी जाति के मतों में बिखराव की संभावना जताई जा रही है. वहीं ज्योति कुमारी का मजबूत पक्ष उनकी शिक्षा और सामाजिक सक्रियता को माना जा रहा है. अगड़ी जाति से आने वाली ज्योति कुमारी को वार्ड के प्रभावशाली अगड़ी मतदाताओं का समर्थन मिलने की चर्चा है.
23 फरवरी को मतदान होना है जबकि 27 फरवरी को परिणाम घोषित होंगे. अब देखना यह होगा कि वार्ड 34 के मतदाता बदलाव के पक्ष में फैसला करते हैं या अनुभव को प्राथमिकता देते हैं.

