गम्हरिया: आदित्यपुर नगर निगम चुनाव को लेकर शुक्रवार को नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी हो गई. गम्हरिया अंचल कार्यालय में वार्ड संख्या 10 से 18 तक के अभ्यर्थियों ने नाम वापसी की. इस दौरान कुल दो प्रत्याशियों ने अपने नाम वापस लिए.

नाम वापस लेने वालों में वार्ड संख्या 10 से रेणुका सरदार तथा वार्ड संख्या 12 से दिलीप गोप शामिल हैं. नाम वापसी के बाद चुनावी स्थिति काफी हद तक स्पष्ट हो गई है.
वहीं वार्ड संख्या 14 से सुनीता बेरा तथा वार्ड संख्या 16 से राजरानी महतो के विरुद्ध कोई अन्य प्रत्याशी नहीं रहने के कारण दोनों का निर्विरोध चुना जाना तय हो गया है. हालांकि इसकी औपचारिक घोषणा शेष है.
नाम वापसी की प्रक्रिया के बाद अब वार्ड संख्या 10 से 18 तक कुल 38 प्रत्याशी चुनावी मैदान में बचे हैं. इन सभी प्रत्याशियों को शनिवार को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे. इसके साथ ही नगर निगम चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी और तेज हो गई है.

