सरायकेला/ Pramod Singh जिले के आदित्यपुर में नगर निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है. इसी बीच झारखंड मुक्ति मोर्चा को बड़ी मजबूती मिली है. निर्दलीय और विद्रोही प्रत्याशी के रूप में चर्चा में रहीं दिग्गज नेता गणेश महाली की पत्नी शकुंतला महाली ने मेयर पद से अपना नामांकन शुक्रवार को वापस ले लिया है.

शकुंतला महाली ने आधिकारिक रूप से घोषणा करते हुए झामुमो के अधिकृत प्रत्याशी भुगलु सोरेन उर्फ डब्बा सोरेन को खुला समर्थन देने की बात कही है. उन्होंने कहा कि पार्टी की एकता और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की नीतियों को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से उन्होंने यह निर्णय लिया है.
नामांकन वापसी के बाद पत्रकारों से बातचीत के दौरान शकुंतला महाली भावुक नजर आईं. उनके आंसू छलक पड़े, जिससे राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा तेज हो गई कि संगठनात्मक दबाव के बीच उन्होंने यह फैसला लिया है. हालांकि उन्होंने सार्वजनिक रूप से इसे पार्टी हित में लिया गया निर्णय बताया. उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की कि सभी आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट हों और डब्बा सोरेन की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत से जुट जाएं.
वहीं झामुमो प्रत्याशी डब्बा सोरेन ने शकुंतला महाली के फैसले का स्वागत किया. उन्होंने कहा कि उनके समर्थन से संगठन और मजबूत हुआ है और यह चुनाव केवल एक व्यक्ति का नहीं बल्कि पूरे झामुमो परिवार की प्रतिष्ठा का चुनाव है. आदित्यपुर में इस घटनाक्रम के बाद चुनावी समीकरण बदलते नजर आ रहे हैं और राजनीतिक सरगर्मी और तेज हो गई है.

