आदित्यपुर/ Parmeshwar Gorai थाना क्षेत्र के जय प्रकाश उद्यान से शनिवार सुबह लापता हुई 30 वर्षीय मुन्नी देवी ने रांची- हावड़ा इंटरसिटी एक्सप्रेस के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली. रविवार को आदित्यपुर रेलवे पुलिस ने परिजनों को बुलाकर शव की शिनाख्त कराई, जिसके बाद परिजनों ने इसकी पुष्टि की. परिजनों के अनुसार मुन्नी देवी शनिवार सुबह करीब 11:40 बजे अचानक घर से निकल गई थीं.

घर छोड़ने से पहले उन्होंने एक सुसाइड नोट भी लिखा था, जिसमें स्पष्ट किया गया था कि उनकी किसी भी अनहोनी के लिए पति जिम्मेदार नहीं होगा.
उन्होंने अपनी मर्जी से घर छोड़ने की बात लिखी थी और बच्चों को पिता के साथ रखने की इच्छा जताई थी. घटना की जानकारी मिलते ही पति विजय कुमार राय ने आदित्यपुर थाना में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी.
पुलिस मामले की जांच में जुटी ही थी कि इसी बीच रेलवे की ओर से महिला के ट्रेन से कटकर घायल होने की सूचना मिली. घटना के बाद उन्हें गंभीर हालत में एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
आरपीएफ इंस्पेक्टर ए.के. सिंह ने बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला अचानक चलती ट्रेन के सामने कूद गई थी. मामला स्टेशन क्षेत्र से जुड़ा होने के कारण आगे की जांच जीआरपी को सौंप दी गई है. फिलहाल आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है और पुलिस सभी बिंदुओं की जांच कर रही है.

