
सरायकेला: आदित्यपुर थाना क्षेत्र से 15 जुलाई को लापता हुए लखन पति का शव शुक्रवार सुबह सीनी ओपी क्षेत्र के जगन्नाथपुर गांव स्थित एक कुएं से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. दो दिन पहले जिनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी, अब उनकी रहस्यमयी मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं से मामले की जांच कर रही है.


जानकारी के अनुसार, आदित्यपुर थाना क्षेत्र निवासी लखन पति 15 जुलाई की दोपहर घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे. परिजनों ने काफी खोजबीन के बाद आदित्यपुर थाना में उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी.
शुक्रवार सुबह सीनी ओपी क्षेत्र के जगन्नाथपुर गांव के एक कुएं में ग्रामीणों ने शव तैरता देखा. सूचना मिलते ही सीनी ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाया.
शव की पहचान लखन पति के रूप में होने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया. पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया.
सीनी ओपी प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि जगन्नाथपुर गांव के एक कुएं में शव मिलने की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची. शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. उन्होंने कहा कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है. यह हत्या है या आत्महत्या, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा.
पुलिस फिलहाल मृतक की अंतिम गतिविधियों, घटनास्थल की परिस्थितियों और अन्य संभावित पहलुओं की जांच कर रही है. मामले की सच्चाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अनुसंधान के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.
प्रमोद सिंह (संपादक)





