आदित्यपुर/ Parmeshwar Gorai खरकाई नदी से बुधवार सुबह एक युवक का शव बरामद किया गया. स्थानीय लोगों ने नदी में शव तैरता हुआ देखा और उसे किनारे लाकर पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद तिर्की दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

विज्ञापन
मृतक की पहचान संजय महाली (21 वर्ष), पिता रंजीत महाली, निवासी राममड़ेया बस्ती, आदित्यपुर के रूप में हुई है. थाना प्रभारी ने बताया कि संजय मंगलवार शाम नदी में नहाने गया था, लेकिन घर नहीं लौटा. बुधवार सुबह स्थानीय लोगों ने उसका शव देखा.
पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला डूबने से मौत का प्रतीत होता है. हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट कारणों की पुष्टि की जाएगी.

विज्ञापन
