आदित्यपुर/ Parmeshwar Gorai झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व नगर उपाध्यक्ष मनोज गोराई ने पार्टी संगठन के प्रति गंभीर नाराजगी जाहिर की है. उन्होंने कहा कि आदित्यपुर नगर कमेटी के गठन के बाद से उन्हें न तो नगर कमेटी और न ही जिला कमेटी के किसी भी कार्यक्रम की सूचना दी गई है, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है.

मनोज गोराई ने इस व्यवहार पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि पार्टी के इस रवैये से उनके मान-सम्मान और सामाजिक प्रतिष्ठा को गहरी ठेस पहुंची है.
उन्होंने बताया कि उन्होंने झामुमो के लिए पूरी निष्ठा और विश्वास के साथ लगातार काम किया है.
उन्होंने कहा कि झारखंड के प्रथम विधानसभा चुनाव के दौरान आदित्यपुर सहित पूरे सरायकेला विधानसभा क्षेत्र में उन्होंने दिन-रात मेहनत कर संगठन को मजबूत किया था, जबकि उस समय आदित्यपुर का संगठन कमजोर स्थिति में था.
उन्होंने हमेशा जातिगत राजनीति और छल-प्रपंच से ऊपर उठकर पार्टी हित में कार्य किया, लेकिन आज संगठन द्वारा की जा रही उपेक्षा से वे स्वयं को मानसिक रूप से आहत और अपमानित महसूस कर रहे हैं.
मनोज गोराई ने कहा कि इस मामले की नैतिक जिम्मेदारी पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व को लेनी चाहिए. उन्होंने स्पष्ट किया कि वे शीघ्र ही झारखंड के मुख्यमंत्री एवं झामुमो के केंद्रीय अध्यक्ष हेमंत सोरेन से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी विस्तार से देंगे.

