आदित्यपुर/ Parmeshwar Gorai इंडस्ट्रियल स्टेबिलिटी एंड रिफॉर्म्स ऑर्गेनाइजेशन (इसरो) द्वारा 11 अगस्त को मोटल मधुबन में एक विशेष सेमिनार का आयोजन किया जाएगा. इस सेमिनार में लघु उद्यमों के लिए दो महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा होगी.

पहला विषय ईएसआईसी विभाग से संबंधित होगा, जिसमें केंद्र सरकार की स्प्रे एवं आमनेस्टी स्कीम 2025 पर विस्तृत जानकारी दी जाएगी. ईएसआईसी विभाग के वरिष्ठ अधिकारी बताएंगे कि इन योजनाओं के लाभ क्या हैं और लघु उद्यमी इन्हें कैसे प्राप्त कर सकते हैं.
दूसरा विषय श्रम विभाग के बोनस अधिनियम से संबंधित होगा. हाल ही में इस एक्ट को लेकर विभिन्न लघु उद्योगों में भ्रम की स्थिति बनी थी. इसको स्पष्ट करने के लिए कोल्हान क्षेत्र के डिप्टी लेबर कमिश्नर और लेबर सुप्रीटेंडेंट उपस्थित रहेंगे और बताएंगे कि बोनस एक्ट किन पर लागू होता है, किन पर नहीं, तथा इसका प्रभाव लघु उद्योगों पर कैसे पड़ता है. इसरो ने सभी उद्यमियों से अपील की है कि वे इस सेमिनार में शामिल होकर इन महत्वपूर्ण जानकारियों का लाभ उठाएं.

