सरायकेला/ Paramveer Patro आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में मजदूरों के शोषण और श्रम कानूनों की अनदेखी के गंभीर मामले सामने आए हैं. झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) ने इस मुद्दे पर आवाज़ उठाते हुए कहा है कि कई औद्योगिक इकाइयों में श्रमिकों के अधिकारों का हनन किया जा रहा है.

जेएलकेएम के अनुसार, सरलाल इंजीनियरिंग लिमिटेड में कार्यरत मजदूरों को वेतन और अंतिम भुगतान की राशि नहीं दी जा रही है. शिकायत के मुताबिक, रितेश कुमार ने 1 जुलाई 2025 से 3 सितंबर 2025 तक कार्य किया, लेकिन अब तक वेतन नहीं मिला है. इसी तरह, काशीनाथ शर्मा को जून और जुलाई माह का वेतन, बोनस और अंतिम भुगतान नहीं दिया गया है.
वहीं, बालाजी कृष्णा इंजिटेक कंपनी में पांच वर्षों से कार्यरत प्रदीप गोप 23 जून 2025 को कार्यस्थल पर गंभीर हादसे का शिकार हो गए, जिसमें उनके बाएं हाथ की तीन उंगलियां कट गईं. हादसे के बावजूद कंपनी ने न तो उन्हें मुआवज़ा दिया और न ही स्थायी नौकरी या पेंशन की सुविधा दी है. यह श्रम कानूनों का स्पष्ट उल्लंघन माना जा रहा है.
जेएलकेएम ने जिला प्रशासन और श्रम विभाग से मांग की है कि सभी पीड़ित मजदूरों को बकाया वेतन, अंतिम भुगतान और मुआवज़ा दिलाया जाए. संगठन ने चेतावनी दी है कि अगर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई, तो मजदूरों के अधिकारों की रक्षा के लिए व्यापक आंदोलन छेड़ा जाएगा.

