आदित्यपुर/ Parmeshwar Gorai हेल्पिंग हैंड फाउंडेशन द्वारा संचालित निर्माण-1 आश्रयगृह में बुधवार को एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस मौके पर पश्चिम बंगाल के पुरुलिया गोरिया मठ आश्रम से आए निराश्रित बुजुर्ग श्री कुंडू का ससम्मान स्वागत किया गया. यह पहल बुजुर्गों को गरिमापूर्ण जीवन देने की दिशा में एक भावनात्मक और मानवीय प्रयास मानी जा रही है.

कार्यक्रम में यूनाइटेड ह्यूमन राइट्स एंड एंटी करप्शन सोशल जस्टिस संगठन की सक्रिय भागीदारी रही. इसमें संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रांतिक कुमार दास एवं झारखंड जिला महिला उपसचिव सुश्री सुष्मिता सरकार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. श्री दास ने कहा कि उनका संगठन पूरे भारत में समाज सेवा और देश सेवा में निरंतर योगदान देता आ रहा है. हर व्यक्ति को सम्मान के साथ जीवन जीने का अधिकार है और यह कार्यक्रम उसी भावना को मजबूत करता है.
इस अवसर पर हेल्पिंग हैंड फाउंडेशन की ओर से श्री दास और सुश्री सुष्मिता सरकार को उनके सहयोग और समर्पण के लिए धन्यवाद एवं आभार प्रकट किया गया. सुश्री सरकार की इस प्रेरणादायक पहल को संगठन की ओर से विशेष सराहना मिली और उन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूरी टीम की ओर से शुभकामनाएं दी गईं.

