आदित्यपुर/ Parmeshwar Gorai दुर्गा पूजा नजदीक आते ही आदित्यपुर- गम्हरिया क्षेत्र में तैयारियां तेज हो गई हैं. आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह के नेतृत्व में आदित्यपुर- गम्हरिया विकास समिति के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला उपायुक्त नितिश कुमार सिंह से मुलाकात कर प्रशासन और विभिन्न विभागों से संबंधित 11 सूत्री मांग पत्र सौंपा. समिति ने पूजा की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए.

पुरेंद्र नारायण सिंह ने बताया कि पूजा प्रारंभ होने में महज 15 दिन शेष रह गए हैं और बड़े पूजा पंडालों का कार्य तेजी पर है. उन्होंने सुरक्षा और व्यवस्था को प्राथमिकता देने की मांग की. उन्होंने कहा कि थाना से लेकर जिला स्तर तक शांति समिति की बैठक एक माह पूर्व आयोजित होनी चाहिए थी ताकि निर्णयों को समय पर लागू किया जा सके.
आदित्यपुर नगर निगम से व्यापक सफाई अभियान चलाने, पंडालों तक जाने वाले मार्गों की मरम्मती और प्रतिदिन सफाई सुनिश्चित करने की मांग की गई. जेआरडीसीएल और जियाडा प्रशासन से सभी बंद स्ट्रीट लाइट और हाई मास्ट लाइट को दुरुस्त करने और दुर्गा पूजा के दौरान जनरेटर से कनेक्शन देने की भी मांग की गई.समिति ने कहा कि भीड़ प्रबंधन के लिए प्रत्येक बड़े पंडाल में प्रवेश और निकास द्वार अलग-अलग बनाए जाएं. खरकई पुल के पास एमपी टावर के समीप वॉच टावर बनाने और मेडिकल टीम व एंबुलेंस की स्थायी तैनाती की भी मांग की गई. आदित्यपुर और गम्हरिया स्वास्थ्य केंद्रों में 24×7 चिकित्सक दल उपलब्ध रहने की आवश्यकता बताई गई.
पंडालों के आसपास पार्किंग स्थल और अस्थायी दुकानों के लिए अलग स्थान चिह्नित करने, अबाधित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने और भीड़भाड़ वाले पंडालों में दमकल की तैनाती की भी मांग रखी गई. समिति ने पूजा के दौरान रात में पुलिस गश्ती बढ़ाने पर भी जोर दिया ताकि चोरी की घटनाओं पर रोक लगे और श्रद्धालु निश्चिंत होकर पूजा का आनंद उठा सकें. प्रतिनिधिमंडल में देव प्रकाश, मिथिलेश कुमार झा, प्रभास कुमार झा, अवधेश कुमार और राजेश्वर पंडित शामिल थे.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
