आदित्यपुर: नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 30 निवासी और पूर्व पार्षद सुधीर चौधरी ने मानवता की मिसाल पेश की है. गौरतलब है कि बीती रात आदित्यपुर- सरायकेला मुख्य मार्ग पर सड़क दुर्घटना में उत्पाद विभाग का एक सिपाही गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर तड़प रहा था. इसी दौरान सरायकेला से लौट रहे सुधीर चौधरी की नजर घायल पर पड़ी. स्थिति की गंभीरता को समझते हुए उन्होंने बिना देर किए तुरंत सरकारी एम्बुलेंस को सूचना दी. इसके बाद स्वयं घायल को उठाकर एम्बुलेंस में शिफ्ट कराया और अस्पताल पहुंचाने की पूरी व्यवस्था की.

समय पर मिली मदद से घायल सिपाही की जान बच सकी. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सुधीर चौधरी की तत्परता और संवेदनशीलता की सराहना की. लोगों का कहना है कि आज के समय में जहां कई लोग दुर्घटना के बाद भी मदद से कतराते हैं, वहीं यह कदम समाज के लिए सकारात्मक संदेश और प्रेरणा है.

