आदित्यपुर: लचर विद्युत आपूर्ति को लेकर अब उपभोक्ताओं का आक्रोश बढ़ता जा रहा है. सोमवार को नगर निगम वार्ड तीन के लोगों ने विद्युत एसडीओ कार्यालय पर प्रदर्शन किया. लोगों ने बताया कि वार्ड में लचर विद्युत आपूर्ति से जीना मुश्किल हो गया है. विद्युत की अनियमित आपूर्ति से बच्चों का पठन- पाठन और आम जनजीवन बेहाल हो गया है.

लोगों ने बताया कि विद्युत कार्यालय के अधिकारी और बड़ा बाबू का व्यवहार ठीक नहीं है. उन्होंने सात दिनों के भीतर नियमित विद्युत आपूर्ति बहाल करने की मांग की है. अन्यथा झाड़ू और डंडे लेकर कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर तालाबंदी करने की चेतावनी दी है. वार्ड तीन निवासी मुनमुन ठाकुर ने बताया कि विद्युत आपूर्ति की समस्या सिर्फ नगर निगम क्षेत्र की नहीं है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी यही समस्या है. बिजली विभाग के अधिकारी विभिन्न कंपनियों को बिजली आपूर्ति करने में व्यस्त रहते हैं और आम उपभोक्ताओं की समस्याओं पर ध्यान नहीं देते हैं.

