आदित्यपुर: झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (जेबीवीएनएल) अपने कारनामों से हमेशा सुर्खियों में रहा है. ताज़ा मामला चौकाने वाला है. जिसमें विभाग ने एक ऐसे मकान को मीटर कनेक्शन जारी कर दिया है जिसमें दो पक्षो के बीच विवाद चल रहा है. पहले पक्ष के नाम से पूर्व से ही कनेक्शन है और पहला पक्ष नियमित रूप से बिजली बिल का भुगतान भी कर रहा है.


इसकी पड़ताल करने हमारी टीम जब आदित्यपुर स्थित बिजली विभाग के कार्यालय पहुंची तो वहां सारे अधिकारी गायब मिले. एक कर्मचारी से जब जानकारी लेने का प्रयास किया गया तो उन्होंने तकनीकी खराबी का हवाला देकर कुछ भी स्पष्ट रूप से बताने से संकोच किया. हालांकि उनके भाव- भंगिमा से ऐसा प्रतीत हुआ कि इसमें बड़ा खेल हुआ है.
क्या है पूरा मामला
दरअसल आदित्यपुर थाना अंतर्गत नेशनल इलेक्ट्रोनिक्स के पीछे एक जमीन पर हाल के दिनों में बीजेपी छोड़ झामुमो में शामिल हुए गणेश महाली ने दावा करते हुए कब्ज़ा करने का प्रयास किया था. उसके बाद पुलिस- प्रशासन ने जांच होने तक उक्त जमीन पर दोनों पक्षो (गणेश महाली और विवेक उपाध्याय) के प्रवेश पर रोक लगा दी.
अभी जांच पूरी भी नहीं हुई है कि इसी बीच विवादित मकान के बाहर बिजली विभाग ने एक नया मीटर लगा दिया है जिसमें शिवकांत कुमार के नाम का जिक्र है. जबकि उक्त मकान के पते पर आज भी अर्जुन सिंह वालिया के नाम मीटर अलॉट है जिसका कंज्यूमर आईडी आईडी AP724 है. इसी आईडी पर बिजली बिल आ रहा है. जिसे वालिया हर महीने चुका रहे हैं. शिवाकांत कुमार कौन है इसकी जानकारी न वालिया को है न विवेक उपाध्याय को. यहां तक कि विभाग को भी इसकी जानकारी नहीं है कि किस आधार पर विवादित जमीन पर बिजली कनेक्शन दे दिया गया है.

फिर अवैध रूप से अनजान लोगों को विवादित मकान में कराया गया प्रवेश
मालूम हो कि पिछले दिनों विवाद सामने आने के बाद अंचल प्रशासन ने जांच पूरी होने तक दोनों पक्षों को विवादित मकान में प्रवेश करने पर रोक लगा दी थी. पिछले दिनों एक दंपति को मकान में अवैध रूप से रहते पकड़ा गया था उसने बताया कि गणेश महाली के कहने पर वह यहां रह रहे हैं. बाद में उसे वहां से हटा लिया गया. इसी बीच दो दिन पूर्व पुनः वही दंपति मकान में रहते नजर आए. पूछने पर दोनों ने बताया कि नेताजी ने रहने कहा है. अब सवाल यह उठता है कि बार-बार विवादित मकान का ताला कौन तोड़ रहा है! और किसके इशारे पर सब खेल हो रहा है ? क्या प्रशासन गणेश महाली को सपोर्ट कर रहा है ? आखिर कब तक जांच पूरी होगी और मामले की सच्चाई सामने आएगी.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
