आदित्यपुर: नगर निगम क्षेत्र के वार्ड 17 स्थित चर्चित जयप्रकाश उद्यान सड़क निर्माण कार्य लंबे संघर्ष के बाद शुरू हो गया है, लेकिन बिजली विभाग की लापरवाही अब भी विकास कार्य में बाधा बनी हुई है. सड़क के बीचोंबीच खड़ा बिजली पोल अब तक नहीं हटाया गया है, जिससे भविष्य में राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.

जानकारी के अनुसार, उक्त पोल को हटाने के लिए निवर्तमान पार्षद नीतू शर्मा ने 08 दिसंबर को ही संबंधित विभाग को लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की थी. इसके बावजूद विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है. निर्माण कार्य आगे बढ़ रहा है, लेकिन पोल अपनी जगह पर जस का तस खड़ा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते पोल को नहीं हटाया गया तो सड़क बनने के बाद दुर्घटना की आशंका बनी रहेगी और आम नागरिकों को जोखिम उठाना पड़ेगा.
सवाल उठ रहा है कि जब सड़क निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है तो बिजली विभाग समन्वय स्थापित कर पोल शिफ्ट करने में देरी क्यों कर रहा है. स्थानीय नागरिकों ने विभाग से अविलंब कार्रवाई कर पोल हटाने की मांग की है ताकि सड़क निर्माण कार्य सुचारु रूप से पूरा हो सके और भविष्य में किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे.

