आदित्यपुर: दुर्गा पूजा और दशहरा को लेकर शनिवार को आदित्यपुर स्थित ऑटो क्लस्टर सभागार में पुलिस- प्रशासन की जॉइंट मीटिंग संपन्न हुई मीटिंग की अध्यक्षता उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने की. बैठक में पुलिस अधीक्षक मुकेश लुणायत के साथ प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे.

बैठक में उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने और झारखंड हाईकोर्ट द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने के संबंध में विस्तार से ब्रीफ किया. उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने कहा कि दुर्गा पूजा और दशहरा के दौरान प्रतिनियुक्त अधिकारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है. उन्होंने सभी अधिकारियों को अपने-अपने स्थल पर पूर्ण सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ तैनात रहने के निर्देश दिए.
उपायुक्त ने कहा कि सोशल मीडिया पर पैनी निगरानी रखी जाए और अफवाह अथवा भ्रामक समाचार के प्रसार को रोका जाए. श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन हेतु यातायात और पार्किंग सुव्यवस्थित की जाए. सभी पूजा पंडाल समितियों को पंडाल परिसर में साफ-सफाई, प्रकाश, पेयजल, अग्निशमन यंत्र और प्राथमिक उपचार की सुविधा सुनिश्चित करनी होगी. प्रत्येक पंडाल में महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग प्रवेश और निकास द्वार हों और आपात स्थिति के लिए वैकल्पिक निकास अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए. रावण दहन और विसर्जन केवल प्रशासन द्वारा निर्धारित समय, मार्ग और चिन्हित स्थलों पर संपन्न होंगे. 2 अक्टूबर को जिले में #ड्राई_डे रहेगा और सभी शराब दुकानें बंद रहेंगी. सिविल सर्जन को निर्देश दिया गया कि सभी एम्बुलेंस चिन्हित स्थलों पर तैनात रहें और चिकित्सा दल सक्रिय मोड में उपलब्ध रहें.
पुलिस अधीक्षक मुकेश लुणायत ने कहा कि दुर्गा पूजा और दशहरा के दौरान पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता शांति-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुरक्षा होगी. उन्होंने बताया कि 28 सितम्बर से 3 अक्टूबर तक विभिन्न क्षेत्रों में #नो_एंट्री ज़ोन प्रभावी रहेगा. वाणिज्यिक वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित होगा. निर्धारित पार्किंग स्थलों पर कतारबद्ध पार्किंग सुनिश्चित की जाएगी और सर्विस रोड पर अनधिकृत दुकानों एवं ठेले लगाने की अनुमति नहीं होगी.
उन्होंने सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि पूजा समितियों से उच्च न्यायालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन कराएँ. सभी वरीय पदाधिकारी और गश्ती दल नियमित रूप से भ्रमणशील रहेंगे और श्रद्धालुओं व समिति सदस्यों के साथ सहयोगपूर्ण एवं शालीन व्यवहार सुनिश्चित करेंगे.
बैठक के अंत में उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने सभी उपस्थित अधिकारियों को दुर्गा पूजा और दशहरा की शुभकामनाएँ दी और पर्व का आयोजन शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने हेतु पूर्ण तत्परता और ईमानदारी से कार्य करने का निर्देश दिया.


भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
