आदित्यपुर: दुर्गा पूजा के दौरान बढ़ती भीड़ को देखते हुए सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी शनिवार को आदित्यपुर में बनाए गए वॉच टावर पहुंचे. उन्होंने यहां से विधि-व्यवस्था और ट्रैफिक व्यवस्था का जायजा लिया तथा पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.


एसपी मनोज स्वर्गीयारी ने कहा कि अगले तीन दिन पुलिस-प्रशासन के लिए बेहद चुनौतीपूर्ण हैं. विधि-व्यवस्था बनाए रखने के साथ यातायात नियंत्रित करने के लिए विशेष निर्देश दिए गए हैं. जहां आवश्यकता होगी, वहां अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी.
CCTV और ड्रोन से निगरानी
एसपी ने कहा कि पुलिस और जिला प्रशासन पहले से अलर्ट मोड पर है. कोलकाता की घटना के सवाल पर उन्होंने कहा जिला पुलिस व प्रशासन हर चुनौती से निबटने को लेकर तैयार है. फिलहाल हमारा फोकस शांति पूर्ण तरीके से पूजा कैसे संपन्न हो इसपर है. उन्होंने कहां की पूजा तक वह स्वयं इसकी निगरानी करेंगे. प्रमुख स्थानों पर CCTV कैमरों से निगरानी की जा रही है और ड्रोन का भी सहयोग लिया जा रहा है. पूजा समितियों के साथ समन्वय बनाकर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है. पुलिस लगातार माइकिंग के माध्यम से लोगों को सतर्क और व्यवस्था बनाए रखने के लिए जागरूक कर रही है.
गौरतलब है कि आदित्यपुर में दुर्गा पूजा के दौरान होने वाली भारी भीड़ पर नजर रखने के लिए वॉच टावर महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में काम कर रहा है. इसका संचालन आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह अपनी टीम के साथ कर रहे हैं.
मौके पर सरायकेला एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज, आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह, ट्रैफिक इंस्पेक्टर राजू, पुलिस इंस्पेक्टर राजेश कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा

