आदित्यपुर: एस टाईप मैदान में इस वर्ष सिंहभूम ब्वॉयज क्रिकेट क्लब, दुर्गा पूजा कमिटी की ओर से भव्य पूजा पंडाल का निर्माण किया जा रहा है. पंडाल की संरचना मायापुर, नदिया (बंगाल) स्थित प्रसिद्ध इस्कॉन मंदिर की आकृति पर आधारित होगी. समिति का कहना है कि यह पंडाल अपनी भव्यता और आकर्षक विद्युत सज्जा से दर्शकों को आकर्षित करेगा.

समिति पदाधिकारियों ने बताया कि मायापुर का इस्कॉन मंदिर भगवान श्रीराम का विश्व का सबसे बड़ा मंदिर है. उसी की तर्ज पर इस वर्ष का पंडाल स्थापत्य कला और सांस्कृतिक धरोहर की झलक प्रस्तुत करेगा. श्रद्धालु और दर्शक मां दुर्गा की भक्ति में लीन होने के साथ-साथ इस अद्भुत संरचना का अवलोकन भी कर सकेंगे.

इस अवसर पर समिति के मुख्य संरक्षक मनोज सिंह, संरक्षक विमल सिंह, विनोदी सिंह, छोटे सिंह, चंदन सिंह, अध्यक्ष दिनेश कुमार उर्फ बबलू सिंह, उपाध्यक्ष भोला सिंह और राणा सिंह, सचिव विक्की सिंह समेत कई पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे. पदाधिकारियों ने बताया कि दुर्गा पूजा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सांस्कृतिक सौहार्द और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक बनेगा.
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह का अनोखा पंडाल न केवल आदित्यपुर की पहचान राज्य स्तर पर बढ़ाएगा, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान बनाएगा. दुर्गा पूजा के अवसर पर प्रतिदिन हजारों श्रद्धालुओं और दर्शकों के आने की संभावना है.

