आदित्यपुर: अधिवक्ता संघ द्वारा बुधवार को रोड नंबर-32, आदित्यपुर-2 स्थित कार्यालय परिसर में देश के प्रथम राष्ट्रपति एवं वरिष्ठ अधिवक्ता डॉ. राजेंद्र प्रसाद की 142वीं जयंती और “अधिवक्ता दिवस” समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की शुरुआत शाम 7:00 बजे हुई.

सभी अधिवक्ताओं ने डॉ. राजेंद्र प्रसाद के चित्र पर बारी-बारी से माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की. कार्यक्रम की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष डी. एन. ओझा ने की और सभी अधिवक्ताओं का स्वागत किया गया.
संघ के मुख्य संरक्षक ओम प्रकाश ने कहा कि डॉ. राजेंद्र प्रसाद एक कुशल अधिवक्ता होने के साथ-साथ समाज के प्रति गहरी जवाबदेही रखने वाले महान व्यक्तित्व थे. उन्होंने कहा कि आजादी के बाद एक अधिवक्ता को देश के सर्वोच्च पद पर चुना जाना पूरे देश के लिए गर्व की बात है. उनके नेतृत्व में भारत विविधता में एकता का प्रतीक बना रहा है और आज भी विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश मजबूती से खड़ा है.
संरक्षक मंडली की सदस्य श्रीमती रंजना मिश्रा ने अधिवक्ताओं से अपील की कि वे अपने नियमित प्रैक्टिस के साथ- साथ सामाजिक कार्यों में भी बढ़- चढ़कर हिस्सा लें. वरिष्ठ अधिवक्ता सुनील कुमार स्वाई ने कहा कि डॉ. राजेंद्र प्रसाद की जयंती को अधिवक्ता दिवस के रूप में मनाया जाना अधिवक्ता समाज के लिए गौरव का विषय है.
संरक्षक अरुण कुमार सिंह और राजेश कुमार ठाकुर ने सभी अधिवक्ताओं से पूरे जोश और उत्साह के साथ अधिवक्ता दिवस मनाने का आह्वान किया.
उन्होंने अधिवक्ताओं के लिए सरकार से आवास सुविधा उपलब्ध कराने की मांग भी रखी.
अध्यक्ष डी. एन. ओझा ने कहा कि आदित्यपुर खरकाई पुल, आदित्यपुर रेलवे स्टेशन और आदित्यपुर- कांड्रा सड़क के निर्माण में यहां के अधिवक्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा है.
इसी के मद्देनजर रोड नंबर-32, आदित्यपुर-2 से आदित्यपुर रेलवे स्टेशन जाने वाले नए मोड़ को “अधिवक्ता चौक” नाम देने का प्रस्ताव रखा गया.
सभी अधिवक्ताओं ने इस प्रस्ताव का समर्थन किया और मौके पर एक बोर्ड भी लगाया गया.
कार्यक्रम में संरक्षक मंडली के सदस्य बृजेश कुमार वर्मा, राजेश बिहारी सहाय और आलोक चटर्जी शामिल हुए.
उपाध्यक्ष के रूप में मनोज कुमार दुबे, सुमन कुमार विश्वकर्मा और निशांत कुमार उपस्थित रहे.
उपसचिव मनोज कुमार और डी. एन. शर्मा, कोषाध्यक्ष गौरव कुमार और संजीव कुमार झा तथा प्रेस प्रवक्ता महेश ठाकुर भी मौजूद थे. कार्यकारिणी सदस्य अमूल्य प्रधान, सिकंदर सिंह, जगन्नाथ आचार्य और श्रीमती शेफाली मंडल के साथ विशेष आमंत्रित सदस्यों में भीम सिंह कुदादा, प्रणव कुमार चटर्जी, दिलीप कुमार साव, सिद्धार्थ कुमार, अनिल कुमार सिंह, नायकी हेम्बेरम, मनोज कुमार महाली, लाल बहादुर ठाकुर और विवेक प्रसाद सहित कई अधिवक्ता शामिल हुए.
कार्यक्रम के अंत में संघ के सचिव रवि शंकर पासवान ने सभी आगंतुकों का धन्यवाद ज्ञापन किया. इसके बाद सभी अधिवक्ताओं ने लिट्टी-भोज का आनंद लिया. रात करीब 10:00 बजे अधिवक्ता दिवस समारोह का समापन किया गया.

