आदित्यपुर/ Parmeshwar Gorai थाना अंतर्गत टाटा- कांड्रा मुख्य मार्ग पर सुधा डेयरी के समीप मंगलवार देर रात करीब 9 बजे हुए सड़क हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों घायलों को झामुमो नेता सन्नी सिंह ने टीएम पहुंचाया जहां दोनों का इलाज चल रहा है.

घायलों की पहचान सालडीह निवासी रति लाल बेहरा (40) और संजय (25) के रूप में हुई है. मिली जानकारी के अनुसार रती लाल बेहरा और संजय एक बाइक पर सवार होकर गम्हरिया से आदित्यपुर की ओर जा रहे थे. इसी दौरान सुधा डेयरी के समीप खड़े पिकअप वैन में पीछे से टक्कर मार दी. घटना के बाद दोनों बीच सड़क पर गिर कर घायल अवस्था में तड़प रहे थे. मौके से गुजर रहे झामुनो युवा नेता सन्नी सिंह की नजर दोनों घायलों पर पड़ी. उन्होंने तत्काल इसकी सूचना रोड एंबुलेंस और आदित्यपुर पुलिस को दी. सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना प्रभारी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे उसके बाद सन्नी सिंह एवं आदित्यपुर थाने की पुलिस ने थाना के वाहन से दोनों घायलों को टाटा मुख्य अस्पताल पहुंचाया. इस घटना ने रोड एम्बुलेंस सेवा की लापरवाही उजागर हुई. इसको लेकर सन्नी सिंह ने घोर नाराजगी जताई. फिलहाल दोनों घायलों का टाटा मुख्य अस्पताल में इलाज चल रहा है. वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.

