चाईबासा/ Jayant Pramanik जिले के सोनुआ प्रखंड के सोनापोस और गोलमुंडा पंचायत में शनिवार को सरकार आपके द्वार कार्यक्रम सह सेवा अधिकार सप्ताह के तहत शिविरों का आयोजन किया गया. दोनों पंचायतों में लगे ये शिविर सुबह लगभग 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक चले.

सोनापोस पंचायत में आयोजित शिविर का शुभारंभ सोनुआ बीडीओ सोमनाथ उरांव, सीओ अनुज टेटे, मुखिया नूर हांसदा और पंचायत सदस्य कविता प्रधान ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. इसी तरह गोलमुंडा पंचायत भवन में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ बीडीओ और सीओ के साथ मुखिया संजीव कांडेयांग व उप प्रमुख रचना महतो ने किया.

शिविरों में सबसे अधिक भीड़ आबुआ आवास योजना के आवेदन के लिए देखी गई. बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने आबुआ आवास योजना और सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के लिए आवेदन जमा किए. इसके अलावा अन्य सरकारी योजनाओं को लेकर भी ग्रामीणों ने आवेदन प्रस्तुत किए.
शिविरों में संबंधित विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे. प्रशासन का उद्देश्य लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना और उन्हें आवश्यक सेवाओं की जानकारी देना रहा.

