सरायकेला: जिले में पर्यटन को बढ़ावा देने और प्रमुख पर्यटन स्थलों को विकसित करने की दिशा में जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है. शनिवार को उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने जिले के तीन प्रखंडों में स्थित प्रमुख पर्यटन स्थलों का स्थल निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने कुचाई प्रखंड के करकेट्टा डैम, खरसावां प्रखंड के शिव मंदिर तथा राजनगर प्रखंड के भीमखंदा पहुंचकर वहां उपलब्ध सुविधाओं और पर्यटन विकास की संभावनाओं का जायजा लिया.


निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने जिला पर्यटन पदाधिकारी सह जिला खेल पदाधिकारी अमित कुमार को तीनों पर्यटन स्थलों के समग्र विकास के लिए आवश्यक कार्यों का आकलन कर विस्तृत प्राक्कलन तैयार करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि प्रत्येक पर्यटन स्थल की भौगोलिक स्थिति, प्राकृतिक सुंदरता और धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्व को ध्यान में रखते हुए विकास की कार्ययोजना बनाई जाए.

उपायुक्त ने पर्यटकों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए पेयजल, शौचालय, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग, बैठने और विश्राम करने की व्यवस्था तथा पहुंच पथ जैसी बुनियादी सुविधाओं के विकास पर जोर दिया. इसके अलावा पर्यटन स्थलों के सौंदर्यीकरण, आकर्षक लाइटिंग, लैंडस्केपिंग, व्यू-प्वाइंट और मनोरंजन से जुड़ी सुविधाओं को विकसित करने की संभावनाओं पर भी प्रस्ताव तैयार करने को कहा.
पर्यटन विकास से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर
उपायुक्त ने कहा कि जिले के पर्यटन स्थलों को विकसित करने का उद्देश्य पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ जिले में पर्यटन गतिविधियों को प्रोत्साहित करना है. इन स्थलों पर आधारभूत सुविधाओं का विस्तार और सौंदर्यीकरण होने से पर्यटकों का आकर्षण बढ़ेगा. इसके साथ ही स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आजीविका के नए अवसर भी सृजित होंगे.

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक स्थल की वास्तविक आवश्यकता और व्यावहारिकता को ध्यान में रखते हुए विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करें.
निरीक्षण के दौरान जिला खेल पदाधिकारी अमित कुमार, संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे.
रिपोर्ट: प्रमोद सिंह (संपादक)

