जमशेदपुर: बिरसानगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने ब्राउन शुगर की खरीद- बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है. इनके पास से कुल 5.07 ग्राम ब्राउन शुगर, 29 पुड़िया ब्राउन शुगर, तीन मोबाइल फोन और 1300 रुपये नकद बरामद किए गए हैं. शुक्रवार को सिटी एसपी ललित मीणा ने इसकी जानकारी दी.


पुलिस के अनुसार त्योहारों के मद्देनजर शहरी क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री रोकने के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर पुलिस उपाधीक्षक संजीत कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी. 22 अक्टूबर की शाम गुप्त सूचना मिली कि बिरसानगर थाना क्षेत्र के जोन नंबर-03 स्थित निपर श्रुति गार्डेन के आसपास कुछ युवक ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रहे हैं.
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छापेमारी कर विकास दास, आकाश दास और रोशन मुंडा उर्फ गुड्डा को पकड़ा. तलाशी के दौरान इनके पास से कुल 5.07 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद होने की बात पुलिस ने कही है.
गिरफ्तार विकास दास और आकाश दास बिरसानगर जोन नंबर-03 निपर श्रुति गार्डेन के रहने वाले हैं, जबकि रोशन मुंडा उर्फ गुड्डा बिरसानगर जोन नंबर-03 स्थित निपर श्रुति मंदिर क्षेत्र का निवासी बताया गया है. पुलिस के मुताबिक तीनों आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी चोरी और ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री से जुड़े मामले दर्ज रहे हैं. इस संबंध में बिरसानगर थाना कांड संख्या 71/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.

