सरायकेला- खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड अंतर्गत गम्हरिया पंचायत के चाड़री गांव में गुरुवार दोपहर करंट लगने से 38 वर्षीय मजदूर दिलीप महतो की मौत हो गई. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक का माहौल है.


जानकारी के अनुसार दोपहर करीब 1:30 बजे दिलीप महतो घर में प्लास से बिजली का तार जोड़ रहे थे. बताया गया कि जमीन गीली थी और वह नंगे पैर थे. इसी दौरान अचानक करंट की चपेट में आकर तार से चिपक गए. पति को बचाने पहुंची पत्नी भी करंट की चपेट में आ गईं. चीख-पुकार सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने सूखी लकड़ी की मदद से तार हटाकर दिलीप को अलग किया.
परिजन उन्हें तत्काल राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया.
बताया जाता है कि दिलीप महतो आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र की एक कंपनी में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे. उनके दो छोटे बेटे हैं. परिवार के कमाऊ सदस्य की अचानक मौत से पत्नी और बच्चों के सामने भरण-पोषण की चिंता खड़ी हो गई है. घटना के बाद चाड़री गांव में मातम पसरा है.
रिपोर्ट: रासबिहारी मंडल

