लोहरदगा: जिले के किस्को प्रखंड के खरकी पंचायत के सेमरडीह स्टेडियम मैदान में युवा सद्भावना मंच के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय SRK मेमोरियल फुटबॉल प्रतियोगिता का समापन हुआ. फाइनल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए फ्रेंडशिप क्लब किस्को ने खिताब पर कब्जा जमाया, जबकि बारा बाबा बरनाग की टीम उपविजेता रही. प्रतियोगिता में कुल 16 टीमों ने हिस्सा लिया.


समापन समारोह में मुख्य अतिथि एसडीपीओ दिवाकर कुमार और विशिष्ट अतिथि जिला परिषद सदस्य संदीप कुमार ने खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया. एसडीपीओ दिवाकर कुमार ने कहा कि अनुशासन, मेहनत और निरंतर अभ्यास से ही खिलाड़ियों को सफलता मिलेगी. उन्होंने युवाओं से नशे और गलत रास्ते से दूर रहकर पढ़ाई एवं खेल को प्राथमिकता देने की अपील की.
जिला परिषद सदस्य संदीप कुमार ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराने के लिए प्रयास जारी रहेगा. खिलाड़ियों को खेल के नियमों और अनुशासन के साथ निरंतर अभ्यास करना चाहिए.
विजेता फ्रेंडशिप क्लब किस्को को 20 हजार रुपये नकद, ट्रॉफी और जर्सी सेट, जबकि उपविजेता बारा बाबा बरनाग को 12 हजार रुपये, ट्रॉफी और जर्सी सेट दिया गया. तीसरे स्थान पर रही बाला टोली को सात हजार और चौथे स्थान की एआईजी कल्हेपाट टीम को पांच हजार रुपये के साथ पुरस्कार प्रदान किए गए.
मौके पर कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष यूनुस अंसारी, किस्को थाना प्रभारी वारिस हुसैन, बगड़ू थाना प्रभारी अविनाश राम, मुखिया चांदमनी उरांव, असलम अंसारी और आयोजन समिति के अध्यक्ष हुसैन अंसारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं खेलप्रेमी मौजूद रहे.
रिपोर्ट: मो. वसीम अकरम

