जामताड़ा: पुलिस संस्मरण दिवस के अवसर पर बुधवार को जामताड़ा पुलिस केंद्र में कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहीद हुए पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई. पुलिस अधिकारियों और जवानों ने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर दो मिनट का मौन रखा और उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन किया.


इस अवसर पर अनुशासित परेड का आयोजन कर शहीद पुलिसकर्मियों को सलामी दी गई. कार्यक्रम में एसपी शंभु कुमार सिंह, डीएसपी मुख्यालय नीलम कुजूर, एसडीपीओ वसीम रजा, साइबर डीएसपी अमित कुमार रविदास, परिचारी प्रवर अजीत कुमार चौबे सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान मौजूद रहे.
शहीदों का बलिदान सदैव प्रेरणा देता रहेगा: एसपी
एसपी शंभु कुमार सिंह ने कहा कि देश और समाज की सुरक्षा के लिए प्राणों की आहुति देने वाले पुलिसकर्मियों की कुर्बानी कभी भुलाई नहीं जा सकती. उनका साहस, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण पुलिस बल के प्रत्येक सदस्य के लिए प्रेरणास्रोत है. उपस्थित पुलिसकर्मियों ने पूरी निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लिया.
रिपोर्ट: मनीष बरनवाल

