जमशेदपुर: महानवमी की रात मानगो के MGM थाना क्षेत्र अंतर्गत हिल व्यू कॉलोनी में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाया. गृहस्वामी अनुपम ओझा के अनुसार चोर करीब 12 लाख रुपये के आभूषण और डेढ़ लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए.



अनुपम ओझा रात करीब 12:30 बजे घर में ताला लगाकर परिवार के साथ दुर्गा पूजा घूमने निकले थे. बुधवार सुबह करीब 4:30 बजे लौटने पर मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला. घर के अंदर सामान बिखरा था और गोदरेज की अलमारी भी क्षतिग्रस्त मिली. जांच करने पर गहने और नकदी गायब थे.
घटना की सूचना MGM थाने को दी गई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है. सूचना मिलने पर विकास सिंह भी मौके पर पहुंचे. उन्होंने जिला प्रशासन के वरीय अधिकारियों से चोरी का जल्द खुलासा कर सामान की बरामदगी की मांग की. त्योहार की रात महज चार घंटे के भीतर बंद घर में हुई बड़ी चोरी ने इलाके में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है.

