चांडिल: दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर कपाली ओपी पुलिस पूरी तरह सतर्क है. ओपी प्रभारी अविनाश कुमार ने श्रद्धालुओं से बेफिक्र होकर मां दुर्गा की पूजा-अर्चना करने और त्योहार का आनंद उठाने की अपील की है. साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि हुड़दंग करने और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी.



अविनाश कुमार ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है. पूजा पंडालों और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस सतर्क है. अशांति फैलाने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी.
उन्होंने लोगों से आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ दुर्गा पूजा मनाने की अपील की. साथ ही किसी भी अफवाह पर ध्यान नहीं देने और बिना पुष्टि के किसी संदेश को सोशल मीडिया पर आगे नहीं बढ़ाने को कहा.
ओपी प्रभारी ने श्रद्धालुओं से कहा कि पूजा पंडाल या आसपास किसी संदिग्ध गतिविधि अथवा असामाजिक तत्व की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें. उन्होंने कहा कि कपाली क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और शांतिपूर्ण दुर्गा पूजा संपन्न कराने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक

