बोकारो: जिले के माराफारी थाना क्षेत्र के झोपड़ी कॉलोनी निवासी 22 वर्षीय अमित शर्मा की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई. अमित का शव डोमपाड़ा नाला के समीप बरामद किया गया. उसका चेहरा बुरी तरह कुचला हुआ था. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और शक के आधार पर एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.



मृतक के भाई मुन्ना शर्मा के अनुसार अमित कैडबरी चॉकलेट कंपनी में डिस्ट्रीब्यूटर का काम करता था. बीती रात वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसके मोबाइल पर कई बार फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला. इसके बाद परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की. इसी दौरान डोमपाड़ा नाला के पास अमित का शव मिलने की जानकारी सामने आई.
डॉग स्क्वायड के साथ जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की. रात में डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया और मृतक के गमछे की मदद से खोजी कुत्ते के जरिए सुराग तलाशने का प्रयास किया गया.
हत्या किसने और किस वजह से की, इसका अभी खुलासा नहीं हुआ है. पुलिस हिरासत में लिए गए युवक से पूछताछ के साथ घटनाक्रम से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा

Exploring world
