लोहरदगा: 15वें वित्त योजना के तहत कैरो प्रखंड में शनिवार को दो विकास योजनाओं का उद्घाटन किया गया. ग्राम अम्बवा नरौली में सोलर पैनल आधारित घर-घर जल नल योजना और ग्राम उतका कैरो में मस्जिद के समीप निर्मित नाली का जिला परिषद अध्यक्ष सुखदेव उरांव ने ग्रामीणों के साथ संयुक्त रूप से फीता काटकर उद्घाटन किया. इस दौरान ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों के साथ अतिथियों का स्वागत किया.


जिला परिषद अध्यक्ष सुखदेव उरांव ने कहा कि ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना तथा गांवों में स्वच्छता व्यवस्था बेहतर करना प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि अम्बवा नरौली की सोलर जल नल योजना से ग्रामीणों को पेयजल की सुविधा मिलेगी और विशेष रूप से महिलाओं को दूर से पानी लाने की परेशानी कम होगी.
वहीं उतका में मस्जिद के पास नाली निर्माण से जल निकासी बेहतर होने और जलजमाव की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है. सुखदेव उरांव ने ग्रामीणों से योजनाओं के बेहतर रख-रखाव में सहयोग करने की अपील की. कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधि, वार्ड सदस्य सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे.

