जमशेदपुर: नशे के कारोबार के खिलाफ जमशेदपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए परसुडीह थाना क्षेत्र से पांच लोगों को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों के पास से कुल 80 पुड़िया में करीब 15.76 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई है. शुक्रवार को सिटी एसपी ललित मीणा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले की जानकारी दी.


पुलिस के अनुसार 15 अक्टूबर को गुप्त सूचना मिली थी कि परसुडीह थाना क्षेत्र में ब्लॉक के पीछे अनाज गोदाम के पास पांच लोग ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री और सेवन कर रहे हैं. सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस उपाधीक्षक सुमित कुमार के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गई. टीम ने मौके पर छापेमारी कर पांचों आरोपियों को पकड़ लिया.
अलग-अलग आरोपियों के पास से मिली ब्राउन शुगर
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गौतम कुमार सिंह (28), शिवम कुमार सिंह (19), सूरज कुमार तिवारी (25), अमरजीत कुमार सिंह (23) और अजय यादव (37) के रूप में हुई है. इनमें चार आरोपी परसुडीह थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं, जबकि अजय यादव छोटा गोविंदपुर क्षेत्र का निवासी बताया गया है.
तलाशी के दौरान गौतम कुमार सिंह के पास से 12 पुड़िया, शिवम कुमार सिंह के पास से 15 पुड़िया, सूरज कुमार तिवारी के पास से 22 पुड़िया, अमरजीत कुमार सिंह के पास से 17 पुड़िया और अजय यादव के पास से 14 पुड़िया ब्राउन शुगर जैसा मादक पदार्थ बरामद होने की बात पुलिस ने कही है. सभी पुड़ियों का कुल वजन कागज सहित करीब 15.76 ग्राम बताया गया है.
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्हें ब्राउन शुगर परसुडीह निवासी एक व्यक्ति द्वारा उपलब्ध कराया गया था. पुलिस अब कथित सप्लायर और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में छापेमारी कर रही है.
इस संबंध में परसुडीह थाना कांड संख्या 107/2026 के तहत NDPS Act की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है. गिरफ्तार पांचों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है. छापेमारी टीम में डीएसपी सुमित कुमार, परसुडीह थाना प्रभारी राजेंद्र कुमार मुंडा समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे.

