जमशेदपुर: दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर जमशेदपुर पुलिस- प्रशासन अलर्ट मोड पर है. शुक्रवार को साकची थाना क्षेत्र से पुलिस द्वारा फ्लैग मार्च निकाला गया. फ्लैग मार्च शहर के विभिन्न इलाकों से गुजरते हुए वापस साकची थाना परिसर पहुंचा.


फ्लैग मार्च का मुख्य उद्देश्य दुर्गा पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के साथ आम लोगों के बीच सुरक्षा का भरोसा कायम करना था. पुलिस की टीम ने साकची और आसपास के प्रमुख मार्गों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया.
पूजा के दौरान रहेगी विशेष निगरानी
दुर्गा पूजा के दौरान शहर के पूजा पंडालों और प्रमुख मार्गों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना को देखते हुए पुलिस की ओर से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जा रही है. भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और असामाजिक तत्वों पर निगरानी को प्राथमिकता दी जा रही है.
पुलिस का विशेष ध्यान पूजा पंडालों के आसपास, प्रमुख चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों पर रहेगा. पूजा के दौरान किसी तरह की अफवाह अथवा विधि-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधि पर भी नजर रखी जाएगी.
पुलिस-प्रशासन की कोशिश है कि श्रद्धालुओं को पूजा पंडालों तक पहुंचने और दर्शन करने में किसी तरह की परेशानी न हो. फ्लैग मार्च के माध्यम से लोगों से भी दुर्गा पूजा के दौरान शांति, आपसी सौहार्द और प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पालन करने का संदेश दिया गया.

