गिरिडीह: जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ उत्पाद विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है. बगोदर के सरिया रोड स्थित विवेकनगर में एक नवनिर्मित दो मंजिला मकान में कथित रूप से संचालित अवैध अंग्रेजी शराब की मिनी फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया गया. करीब चार घंटे तक चली छापेमारी में लगभग 80 लाख रुपये मूल्य की अंग्रेजी शराब और शराब तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण जब्त किए गए. हालांकि मौके से किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी.


छापेमारी का नेतृत्व एसडीपीओ धनंजय कुमार राम ने किया. उनके अनुसार विवेकनगर स्थित नंदू साव के नवनिर्मित मकान के अलग-अलग कमरों में कार्टन में अंग्रेजी शराब की बोतलें रखी गई थीं. बरामद शराब की मात्रा इतनी अधिक थी कि उसे तीन पिकअप वैन में लोड कर ले जाया गया.
दूसरे राज्यों में सप्लाई की आशंका
एसडीपीओ ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यहां अवैध रूप से अंग्रेजी शराब तैयार कर दूसरे राज्यों में आपूर्ति किए जाने की आशंका है. इस कारोबार में कौन-कौन लोग शामिल हैं और शराब की सप्लाई कहां होती थी, इसकी जांच की जा रही है.
उत्पाद अधीक्षक शिव कुमार साहू ने कार्रवाई को बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि पर्व-त्योहार के दौरान अवैध तरीके से तैयार शराब लोगों की जान के लिए खतरा बन सकती है. उन्होंने अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान जारी रखने की बात कही.
छापेमारी में उत्पाद विभाग के सुमितेष कुमार, महेश कुमार दास, रविरंजन और लक्ष्मण महतो के अलावा बगोदर थाना प्रभारी राजेश कुमार, पुअनि आनंद कच्छप, पुअनि अभिषेक कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे. फिलहाल पुलिस और उत्पाद विभाग की टीम फरार संचालक और पूरे नेटवर्क की तलाश में जुटी है.

