जामताड़ा: मिहिजाम थाना क्षेत्र के बादोलीगढ़ में चोरी की घटना के बाद एक मकान में दोबारा संदिग्ध गतिविधि सामने आने से इलाके में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है. मार्शिला बास्की के घर की चहारदीवारी और आंगन में खून के निशान मिलने से कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं. मकान मालिक को संदेह है कि बीती रात कोई अज्ञात व्यक्ति दीवार फांदकर घर में दाखिल हुआ था. हालांकि, घटना की वास्तविक स्थिति की अभी पुष्टि नहीं हुई है.


मार्शिला बास्की के अनुसार, कुछ दिन पहले उनके मकान में चोरी हुई थी. इस दौरान चोर एक लाख रुपये से अधिक मूल्य के सामान लेकर फरार हो गए थे. चोर घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की रिकॉर्डिंग करने वाली मशीन भी अपने साथ ले गए थे. इस संबंध में मिहिजाम थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
सुबह खून के निशान देखकर हुई हैरानी
मकान मालिक ने बताया कि वह देर रात रांची से लौटी थीं. थकान के कारण वह गहरी नींद में सो गईं. सुबह उठने के बाद जब उनकी नजर चहारदीवारी और आंगन के फर्श पर पड़े खून के निशानों पर पड़ी, तो वह हैरान रह गईं. इसके बाद उन्हें आशंका हुई कि रात में कोई व्यक्ति दीवार फांदकर घर के अंदर दाखिल हुआ होगा.
उनका अनुमान है कि दीवार फांदने के दौरान किसी नुकीली वस्तु से अज्ञात व्यक्ति को चोट लगी होगी, जिससे खून की बूंदें चहारदीवारी और आंगन में गिर गईं. हालांकि, घर में किसी के प्रवेश करने या किसी व्यक्ति के घायल होने की पुष्टि नहीं हुई है.
पुलिस को दी गई सूचना
संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मकान मालिक ने पूर्व में हुई चोरी के मामले की जांच कर रही पुलिस अधिकारी को भी दी है. जांच अधिकारी सीमा कुमारी ने बताया कि बीती रात की घटना की सूचना मिली है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. अब यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि खून के निशान कैसे और किन परिस्थितियों में वहां मिले.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

