सरायकेला: खरसावां विधानसभा क्षेत्र में किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ी पहल की गई है. खरसावां प्रखंड के देवली गुटुसाई (पोटका) गांव में करीब 1.6 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली सोलर लिफ्ट इरिगेशन सिस्टम योजना का विधायक दशरथ गागराई ने शिलान्यास किया.


योजना के पूरा होने के बाद सौर ऊर्जा की मदद से जलस्रोत से पानी खेतों तक पहुंचाया जाएगा. इससे किसानों की बारिश पर निर्भरता कम होने के साथ सिंचाई के लिए बिजली और डीजल पर होने वाले खर्च से भी राहत मिलने की उम्मीद है.
सिंचाई मजबूत होगी तो किसान होंगे आत्मनिर्भर: दशरथ गागराई
शिलान्यास के मौके पर विधायक दशरथ गागराई ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों का विकास और किसानों को आत्मनिर्भर बनाना उनकी प्राथमिकता है. कृषि को लाभकारी बनाने के लिए पर्याप्त सिंचाई सुविधा जरूरी है. बारिश कम होने या समय पर नहीं होने से किसानों को फसलों का नुकसान उठाना पड़ता है. ऐसे में सोलर लिफ्ट सिंचाई योजना किसानों के लिए उपयोगी साबित होगी. उन्होंने कहा कि किसानों की खुशहाली से ही गांव और ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी. इसी उद्देश्य से क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया जा रहा है.
सौर ऊर्जा से खेतों तक पहुंचेगा पानी
योजना की खासियत यह है कि पानी खेतों तक पहुंचाने के लिए सौर ऊर्जा का इस्तेमाल किया जाएगा. इससे पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता कम होगी और स्वच्छ ऊर्जा को भी बढ़ावा मिलेगा. पर्याप्त सिंचाई सुविधा मिलने से किसानों को धान के साथ अन्य फसलों की खेती में भी सहूलियत होगी. अनुकूल परिस्थितियों में अतिरिक्त फसल लेने की संभावना भी बढ़ेगी.
विधायक ने कहा कि विकास योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी है, जब वे समय पर धरातल पर उतरें और संबंधित लोगों तक उसका फायदा पहुंचे. उन्होंने योजना के बेहतर क्रियान्वयन और किसानों को इसका लाभ सुनिश्चित करने पर जोर दिया.
कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि अर्जुन उर्फ नायडू गोप, जिला परिषद सदस्य कालीचरण बानरा, मुखिया रैबारी माझी, रानी हेंब्रम, अजय सामाड, साधुचरण सोय, राजेश दलबेहरा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुष एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे.

