सरायकेला: सरायकेला- खरसावां जिले में अवैध बालू उत्खनन और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई जारी है. इसी क्रम में बुधवार, 14 अक्टूबर 2026 की सुबह तिरुलडीह थाना क्षेत्र में छापेमारी अभियान चलाया गया. इस दौरान सपदा क्षेत्र से अवैध बालू लदे दो ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किए गए. दोनों वाहनों पर लगभग 200 CFT बालू लदा हुआ था.


प्राप्त जानकारी के अनुसार, तिरुलडीह थाना क्षेत्र में अवैध बालू के उत्खनन और परिवहन पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से छापेमारी की गई. अभियान के दौरान सपदा में बालू का परिवहन कर रहे दो ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ा गया. जांच के क्रम में दोनों वाहनों पर लदे लगभग 200 घनफुट बालू को अवैध बताते हुए वाहनों सहित जब्त कर लिया गया.
जब्त किए गए दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉली और बालू को तिरुलडीह थाना परिसर में सुरक्षित रखा गया है. हालांकि, इस कार्रवाई में किसी की गिरफ्तारी हुई है या नहीं, इसकी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है. वाहनों के मालिकों और बालू के स्रोत के संबंध में भी विस्तृत जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई है.
**अवैध बालू परिवहन पर उठ रहे सवाल**
तिरुलडीह थाना क्षेत्र में अवैध बालू के परिवहन का मामला सामने आने के बाद यह सवाल भी महत्वपूर्ण हो गया है कि आखिर बालू का उत्खनन कहां से किया गया और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जा रहा था. साथ ही यह भी जांच का विषय है कि अवैध परिवहन में इस्तेमाल वाहनों के पीछे किन लोगों की भूमिका है. थाना प्रभारी विपुल कुमार ओझा ने बताया कि क्षेत्र में किसी कीमत पर अवैध बालू का कारोबार होने नहीं दिया जाएगा. उन्होंने बालू कारोबारियों से वैद्य चालान और कागजात लेकर ही बालू परिवहन करने की अपील की है. साथ ही चेतावनी दिया है कि यदि अवैध बालू खनन या परिवहन करते पकड़े जाते हैं तो उनके खिलाफ नियम सम्मत कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल आगे की कानूनी कार्रवाई के संबंध में विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है.

