मोतिहारी: जिले में गरीबों के लिए जनवितरण प्रणाली के तहत उपलब्ध कराए जाने वाले सरकारी खाद्यान्न की कथित कालाबाजारी का मामला सामने आया है. छतौनी थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए सैकड़ों क्विंटल खाद्यान्न लदे एक ट्रक को जब्त किया है. हैरान करने वाली बात यह है कि ट्रक के आगे और पीछे अलग-अलग नंबर प्लेट लगे पाए गए.


प्रारंभिक जांच में जब्त खाद्यान्न को सरकारी जनवितरण प्रणाली से जुड़ा बताया जा रहा है. आशंका है कि खाद्यान्न को कथित तौर पर कालाबाजारी के लिए ले जाया जा रहा था और वाहन की पहचान छिपाने के उद्देश्य से अलग-अलग नंबर प्लेट का इस्तेमाल किया गया. हालांकि पूरे मामले की अंतिम पुष्टि जांच के बाद होगी.
मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर एसडीओ अरुण कुमार के निर्देश पर जांच कराई गई. जांच प्रतिवेदन के आधार पर टीपीडीएस गोदाम प्रबंधक को ट्रक चालक, वाहन मालिक, डीएसडी ठेकेदार सहित संबंधित लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है.
मामले में गोदाम कर्मियों, डीएसडी ठेकेदार और कथित खाद्यान्न माफिया की संभावित मिलीभगत की भी जांच की जा रही है. पुलिस और प्रशासनिक जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि खाद्यान्न कहां से निकला, कहां पहुंचाया जाना था और पूरे मामले में किन-किन लोगों की भूमिका थी.

