जमशेदपुर: नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय (NSU), जमशेदपुर ने अमेरिका के इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट अकाउंटेंट्स (IMA) के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किया है. इस समझौते का उद्देश्य विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय व्यावसायिक प्रमाणन से जोड़ने के साथ वित्त और लेखांकन के क्षेत्र में वैश्विक करियर के अवसर उपलब्ध कराना है.


समझौते के तहत CMA, FMAA और CSCA प्रमाणन कार्यक्रमों को शामिल किया गया है. इसके अलावा IMA के निर्धारित पात्रता मानदंडों के आधार पर प्रतिवर्ष अधिकतम पांच विशिष्ट छात्रवृत्तियों का प्रावधान किया गया है.
विद्यार्थियों को व्यावसायिक जागरूकता कार्यक्रमों, सेमिनार और विभिन्न शैक्षणिक सहयोग गतिविधियों में शामिल होने का अवसर भी मिलेगा. विश्वविद्यालय के अनुसार, इस साझेदारी से विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की पेशेवर योग्यताओं और वित्तीय प्रबंधन के बदलते वैश्विक परिवेश को समझने में मदद मिलेगी.
समझौते के दौरान NSU की ओर से कुलपति डॉ. प्रभात कुमार पाणि और डीन प्रशासन डॉ. राकेश कुमार उपस्थित रहे. IMA की ओर से हेड-कॉर्पोरेट रिलेशंस (इंडिया) अंशुल प्रिया और रिलेशनशिप डेवलपमेंट-सेंट्रल ईस्ट इंडिया सौरभ सिंह ने प्रतिनिधित्व किया.

