बोकारो: अपराध नियंत्रण और पुलिस गश्ती को अधिक प्रभावी बनाने के लिए बोकारो पुलिस को 53 आधुनिक पेट्रोलिंग बाइक उपलब्ध कराई गई हैं. मंगलवार को पुलिस लाइन में एसपी नाथू सिंह मीणा ने विधिवत पूजा-अर्चना के बाद हरी झंडी दिखाकर इन बाइकों को रवाना किया.


इन मोटरसाइकिलों में सायरन के साथ जीपीएस ट्रैकिंग सिस्टम लगाया गया है. इसकी मदद से वरीय पुलिस अधिकारी मोबाइल एप्लीकेशन के जरिए गश्ती दल की रियल टाइम लोकेशन देख सकेंगे. इससे यह पता चल सकेगा कि पुलिस की पेट्रोलिंग कहां हो रही है और जवान निर्धारित क्षेत्र में ड्यूटी कर रहे हैं या नहीं.
पुलिस मुख्यालय रांची और झारखंड सरकार के सहयोग से उपलब्ध कराई गई इन बाइकों को पुलिस की जरूरतों के अनुसार विशेष रूप से तैयार किया गया है.
गौरतलब है कि मई महीने में बोकारो पुलिस को 103 मोटरसाइकिलें मिली थीं. अब 53 नई बाइक मिलने से जिले में उपलब्ध कराई गई आधुनिक पेट्रोलिंग मोटरसाइकिलों की कुल संख्या 156 हो गई है.
आगामी दुर्गा पूजा, दशहरा, दीपावली और छठ पर्व को देखते हुए संवेदनशील इलाकों, प्रमुख चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर गश्ती बढ़ाई जाएगी.
पुलिस का दावा है कि इस व्यवस्था से चोरी, लूट और छिनतई जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी. साथ ही जीपीएस निगरानी से पुलिसकर्मियों की जवाबदेही भी बढ़
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा

